मेरा भारत महान। दुनिया माने या न माने, लेकिन यह उतनी ही बड़ी सच्चाई है जितना हर व्यक्ति का अस्तित्व। बेमतलब की आधुनिक सोच के गुलाम भले ही इसे गलत साबित करने के लिए तमाम कुतर्क करें लेकिन उनकी सारी सोच देश की पुरातन संस्कृति के आगे विफल हो जाती है। भारत में बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक के रूप में हजारों सालों से दशहरे का त्योहार मनाया जा रहा है। न जाने कितने कष्ट, कितनी परेशानियां, कितनी व्याधियां लेकिन दुर्गोत्सव आते ही सबमें एक नई ऊर्जा का संचार सा हो जाता है। पंचमी-षष्ठी से तो और भी रंगत बदल जाती है। ऐसा लगता है कि मानो लोग घर में रहना ही नहीं चाहते। कोई पैदल घूम रहा है तो कोई गाड़ी पर। जैसे-जैसे रात सुबह की ओर बढ़ती है वैसे-वैसे जोश बढ़ता है।
इतनी पवित्रता, इतना सौहाद्र्र दुनिया के किसी देश में शायद देखा जाता हो। सदियों से चली आ रहीं हैं परंपराएं, लेकिन उछाह है कि बढ़ता चला जाता है। बंगाल में जहां बड़े-बड़े पंडाल हैं तो गुजरात में गरबा। अब तो गरबे ने पूरे भारत में धूम मचा रखी है। गरबा खेलने के लिए तो अब विदेशों से भी लोग आते हैं। नवरात्रि में मध्य प्रदेश भी कम नहीं। जबलपुर शहर तो जैसे पूरा का पूरा सज जाता है और अंतिम तीन दिनों में रात में लाखों लोग सड़क पर होते है। यह जुनून न जाने कब से बरकरार है।
हाल ही में हुए दिल्ली कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने इतिहास रचा। सात हजार करोड़ रुपए के इस आयोजन में खिलाडिय़ों ने सरकार की लाज रख ली। कस्बाई इलाकों से आए खिलाडिय़ों ने अपने दमखम पर देश को खेलों की अंतरराष्ट्रीय पंक्ति में लाकर खड़ा कर दिया। खेलों को बेहतर बनाने के नाम पर पैसे का जमकर हेरफेर होता रहा और दूसरी तरह ये खिलाड़ी देश का नाम आसमान पर लिखने के लिए खामोशी से कड़ी मेहनत करने में जुटे थे। उन्होंने अपने काम को बखूबी अंजाम दिया भी। अब बारी अधिकारियों और नेताओं की है जिन्होंने देश की प्रतिष्ठा को धूमिल करने में कोई कोरकसर बाकी नहीं रखी थी। यदि सही मायने में हम इन लोगों को रंचमात्र सजा दिला सकें तभी बुराई पर अच्छाई की जीत होगी................................................................। तथास्तु
Friday, October 15, 2010
Subscribe to:
Posts (Atom)
