Popular Posts

ganga pradushan

ganga pradushan
ganga pradushan

Followers

Thursday, November 11, 2010

हम कौन थे, क्या हो गए हैं और क्या होंगे कभी...

राष्ट्रकवि मैथिली शरण गुप्त ने कहा था, 'हम कौन थे, क्या हो गए हैं और क्या होंगे कभी। आओ मिलकर विचारें, ये समस्याएं सभी।Ó गुप्तजी ने यह बात उस दौर में कही थी जब भारत में अंग्रेजों का शासन था और यहां आजादी का आंदोलन चरम पर था। उन दिनों देश के चिंतकों के सामने गुलामी दूर करने के अलावा सामाजिक-आर्थिक और राजनीतिक उन्नति को लाने जैसी समस्याएं थी। उन्होंने न केवल ये समस्याएं दूर कीं बल्कि अपनी आने वाली पीढिय़ों के सामने एक सुदृढ़ चरित्र की नजीर रखी। नतीजा आज हमारे सामने है। दुनिया का सबसे पुराना लोकतंत्र आज सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। यही वह कारण है कि दुनिया के सबसे ताकतवर मुल्क (अमेरिका) का प्रमुख (बराक ओबामा) हमारे यहां कुछ मांगने आया था। इसमें दो राय नहीं कि यह ताकत देश के कर्मयोगियों और उनके चारित्रिक बल की है। इस श्रेणी में हम डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, रतन टाटा, एनआर नारायणमूर्ति जैसे नाम लिए जा सकते हैं।
भारतीय मनीषियों ने चारित्रिक बल को सर्वोच्च स्थान दिया है। 1980 के दशक में टीवी (उस समय दूरदर्शन) पर जो कार्यक्रम आते थे वे सामाजिक सरोकार से जुड़े होते थे और उनमें एक संदेश होता था। मसलन बुनियाद हम लोग और भारत एक खोज। इन सीरियलों के नाम में ही मूल्य और संदेश छिपे हुए हैं। पं. जवाहर लाल नेहरू की किताब 'डिस्कवरी ऑफ इंडियाÓ (भारत एक खोज) पर आधारित धारावाहिक का निर्माण कर श्याम बेनेगल ने जता दिया कि दरअसल हम किस संस्कृति के वाहक हैं। 1980 का उत्तरार्ध भारत में छोटे पर्दे का स्वर्णकाल कहा जा सकता है। टीवी पर रामायण और महाभारत जैसे भव्य और मेगासीरियलों का प्रसारण हुआ। इन सीरियलों के प्रसारण के दौरान सड़कों पर छाया सन्नाटा इस बात का साक्षी था कि मूल्यों से बड़ा कुछ भी नहीं। किरदार में रचे-पचे पात्र, बेहतरीन अदाकारी, सधा हुआ निर्देशन और यथार्थ बताते हृदयस्पर्शी डॉयलॉग। यही बात Ó80 के दशक तक की फिल्मों पर भी यही बात लागू होती है।
लेकिन आज कुछ ऐसा हो रहा है जो समाज से कुछ कम कर रहा है। आज पंचतंत्र की कहानियों का स्थान रियलिटी शोज ने लिया है। आज बच्चा खेलना नहीं चाहता, वह बचपन में ही कुछ बन जाना, शोहरत हासिल कर लेना चाहता है। फिर चाहे वह किसी भी माध्यम से हो। तिस पर तमाम चैनल टीआरपी (टेलीविजन रेटिंग प्रोग्राम जिसे आप व्यूअरशिप कह सकते हैं) यानी अपनी साख बढ़ाने के लिए दिखा रहे हैं, वह सिर्फ एक समूची पीढ़ी को मानसिक रूप से भ्रष्ट बनाने के सिवा कुछ नहीं कर रही। हालांकि इसी बीच कुछ चैनलों ने रामायण और महाभारत का नया संस्करण बनाने का भोंडा प्रयास किया लेकिन लोगों ने उन्हें धराशायी कर दिया। समय ने करवट ली और जमाना रियलिटी शो का आ गया। रियलिटी शो को अगर छुपी हुई नग्नता कहा जाए तो अतिशयोक्ति नहीं होगी। फिर चाहे बिग बॉस हों, राखी का न्याय, स्प्लिट्ज विला या फिर फूहड़ता के नाम पर परोसे जा रहे ऐसे तमाम कार्यक्रम। दरअसल ये कार्यक्रम इसलिए भी दिखाए जा रहे हैं कि एक वर्ग (छोटा ही सही, जिसमें ज्यादातर युवा हैं) उन्हें देखना चाहता है। सबसे बड़ी बात यह कि इन कार्यक्रमों का विरोध करने वाला कोई नहीं है। अर्थपूर्ण गानों और फिल्मों की जगह लोगों को 'मुन्नी बदनाम हुईÓ और 'पापा जग जाएगाÓ जैसे कुसंस्कृत गीत पसंद आ रहे हैं।
कहा जाता है कि फिल्में समाज का आईना होती हैं। यानी पर्दे पर वहीं नजर आता है जो समाज का घटित हो रहा होता है। जाहिर है कि उच्चादर्शों और मूल्यों के युग में मदर इंडिया, बंदिनी, दो बीघा जमीन, प्यासा, कागज के फूल जैसी कालजयी फिल्में बनीं। यदि आज हम पर्दे पर फूहड़ता और भोंडापन देखने को अभिशप्त हैं तो उसके

लिए जिम्मेदार हम खुद हैं। दरअसल बात बस इतनी सी है कि हमने खुद को नीचे गिरा लिया है। जो चीजें घर में होते हुए तो सामान्य लगती हैं पर छोटे या बड़े पर्दे पर देखने पर भद्दी। अचानक हमारा जमीर जागता है लेकिन तब तक देर हो चुकी होती है।....................................तथास्तु

Friday, October 15, 2010

तभी हो पाएगी बुराई पर अच्छाई की जीत...

मेरा भारत महान। दुनिया माने या न माने, लेकिन यह उतनी ही बड़ी सच्चाई है जितना हर व्यक्ति का अस्तित्व। बेमतलब की आधुनिक सोच के गुलाम भले ही इसे गलत साबित करने के लिए तमाम कुतर्क करें लेकिन उनकी सारी सोच देश की पुरातन संस्कृति के आगे विफल हो जाती है। भारत में बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक के रूप में हजारों सालों से दशहरे का त्योहार मनाया जा रहा है। न जाने कितने कष्ट, कितनी परेशानियां, कितनी व्याधियां लेकिन दुर्गोत्सव आते ही सबमें एक नई ऊर्जा का संचार सा हो जाता है। पंचमी-षष्ठी से तो और भी रंगत बदल जाती है। ऐसा लगता है कि मानो लोग घर में रहना ही नहीं चाहते। कोई पैदल घूम रहा है तो कोई गाड़ी पर। जैसे-जैसे रात सुबह की ओर बढ़ती है वैसे-वैसे जोश बढ़ता है।

इतनी पवित्रता, इतना सौहाद्र्र दुनिया के किसी देश में शायद देखा जाता हो। सदियों से चली आ रहीं हैं परंपराएं, लेकिन उछाह है कि बढ़ता चला जाता है। बंगाल में जहां बड़े-बड़े पंडाल हैं तो गुजरात में गरबा। अब तो गरबे ने पूरे भारत में धूम मचा रखी है। गरबा खेलने के लिए तो अब विदेशों से भी लोग आते हैं। नवरात्रि में मध्य प्रदेश भी कम नहीं। जबलपुर शहर तो जैसे पूरा का पूरा सज जाता है और अंतिम तीन दिनों में रात में लाखों लोग सड़क पर होते है। यह जुनून न जाने कब से बरकरार है।

हाल ही में हुए दिल्ली कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने इतिहास रचा। सात हजार करोड़ रुपए के इस आयोजन में खिलाडिय़ों ने सरकार की लाज रख ली। कस्बाई इलाकों से आए खिलाडिय़ों ने अपने दमखम पर देश को खेलों की अंतरराष्ट्रीय पंक्ति में लाकर खड़ा कर दिया। खेलों को बेहतर बनाने के नाम पर पैसे का जमकर हेरफेर होता रहा और दूसरी तरह ये खिलाड़ी देश का नाम आसमान पर लिखने के लिए खामोशी से कड़ी मेहनत करने में जुटे थे। उन्होंने अपने काम को बखूबी अंजाम दिया भी। अब बारी अधिकारियों और नेताओं की है जिन्होंने देश की प्रतिष्ठा को धूमिल करने में कोई कोरकसर बाकी नहीं रखी थी। यदि सही मायने में हम इन लोगों को रंचमात्र सजा दिला सकें तभी बुराई पर अच्छाई की जीत होगी................................................................। तथास्तु

Monday, August 30, 2010

सच है, कहीं न कहीं ईश्वर है...

भारत की राजधानी नई दिल्ली में कॉमनवेल्थ गेम्स होने को चंद रोज ही बाकी हैं लेकिन तैयारियां हैं कि खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहीं। काम खत्म होने की पांचवी डेडलाइन 31 अगस्त को खत्म होने वाली थी लेकिन फिर वही ढाक के तीन पात। सरकार ने बेशर्मी की हद पार करते हुए पांचवी डेडलाइन के पार जाकर काम जारी रखने की मजबूरी जाहिर कर दी। अब जब काम पूरा ही नहीं हुआ था तो किसी तरह उसकी लीपापोती तो करनी ही है। पूरी दिल्ली खुदी पड़ी है। कहीं सड़कें चौड़ी हो रही हैं तो कहीं फ्लाईओवर बन रहा है। खिलाडिय़ों के रहने के लिए बनने वाला खेल गांव अब भी आधा-अधूरा सा ही लगता है। खेलों की तैयारियों में करोड़ों रुपये स्वाहा हो चुके हैं लेकिन कहीं छत चू रही है तो दीवारों पर छपाई होना बाकी है। जब काम खत्म हो चुका होना था, तब शिद्दत से चल रहा है। देखकर तो ऐसा लगता है कि खेल हो जाएंगे और काम चलता रहेगा।

नेताओं ने सरकारी पैसे को घर में भर लिया और खेलों को भगवान भरोसे होने के छोड़ दिया। सत्ताधारी पार्टी के एक नामचीन नेता (मणिशंकर अय्यर) समेत कई लोग खेलों के आयोजन को जी भर कर कोस रहे हैं लेकिन किसी को कोई परवाह नहीं। दिल्ली बारिश न होने के लिए विख्यात है। चाहे आषाढ़ हो या फिर सावन-भादों, लोग टकटकी लगाए आसमान देखते रहते हैं और एक बूंद भी नहीं टपकती। हर साल यही होता है। लेकिन इस साल अभूतपूर्व हुआ। दिल्ली में ऐसी बारिश, न पहली कभी देखी, न कभी सुनी। एक तो सड़क पर मलबा और दूजी बेहिसाब बारिश। माननीयों ने कुछ ऐसा ही सोचा होगा कि काम यूं ही कर दिया जाएगा। फिर दिल्ली में बारिश तो होती नहीं है। अंत तक काम चलता रहेगा और हर मद से पैसे की आमद बनी रहेगी। लेकिन कहते हैं कि पाप का घड़ा भरने पर न्याय अपने आप ही हो जाता है। गेम्स में पैसे की लूट को लेकर इस कदर लूट-मार मची कि देश के आम आदमी तक ने छाती पीट ली। लेकिन वो बेचारा कर क्या सकता था। संसद में चीखा-चिल्लाई हुई लेकिन सब बेकार। दोनों तरफ के लोग हैं तो एक ही बिरादरी के। अब उनकी मटियामेट कौन करेगा।

जैसे नन्हें कृष्ण ने उस समय भ्रष्ट इंद्र के प्रकोप से अपने लोगों को बचाने के लिए गोवर्धन उठाया था, उसी तरह आज धरती पर मौजूद कई भ्रष्ट इंद्रों की कारगुजारी करने के लिए अपनी जरा सी ताकत दिखाई। उफनती यमुना में दिल्ली डूब-उतरा रही है। लेकिन शायद ही कोई यह जान पाए कि यह प्रकोप क्यों बरस रहा है?

हो चुकी है पीर, पर्वत सी पिघलनी चाहिए।

इस हिमालय से कोई गंगा निकलनी चाहिए।

सिर्फ हंगामा खड़ा करना मेरा मकसद नहीं।

मेरी कोशिश है कि ये सूरत भी बदलनी चाहिए।

मेरे सीने में नहीं तो तेरे सीने में सही।

हो कहीं भी आग, पर अब आग जलनी चाहिए।

हे दिल्लीवालो, कभी तो समझो, कभी तो चेतो, कभी तो उठ खड़े हो जाओ।..................तथास्तु

Sunday, July 25, 2010

हम उस देश के वासी है...

भारत की सबसे बड़ी पहचान वह भारतीयता है जो हजारों सालों से कठोर से कठोर थपेड़े सहकर भी जस की तस बनी हुई है। और मेरा यकीन है कि यह आगे भी बनी रहेगी। मेरा यह विश्वास हाल ही में तब और पक्का हो गया जब मैंने फिल्म बैजू बावरा (1952) का 'मन तड़पत हरि दर्शन को आजÓ गीत सुना। दरअसल यह गीत मेरे एक मित्र के मोबाइल पर डाउनलोड था। एक दिन अचानक खाना खाते हुए संगीत की चर्चा छिड़ी तो उन्होंने मुझे यह गीत सुनाया।

दरअसल यह गीत तो अद्भुत है ही लेकिन मेरे मित्र ने गीत के पहले संगीतकार नौशाद अली साहब की आवाज भी रिकॉर्ड कर रखी है। बड़ी ही अद्भुत आवाज थी वह। मुझे वह कुछ-कुछ उस्ताद मेंहदी हसन साहब की तरह लगी। शायद सभी महान फनकारों की आवाज इतनी ही रूहानी होती है। नौशाद साहब इस गीत की बारे में बता रहे थे। उन्होंने कहा, यह गीत जो आप सुनने जा रहे हैं, इसे गाया है मुहम्मद रफी ने, इसे लिखा है मुहम्मद शकील (जिन्हें हम शकील बदायूंनी के नाम से जानते हैं) ने और इसकी धुन बनाई है मैंने। रफी साहब का गाया यह गीत सुपरहिट हुआ था। रफी ने इस गीत के बारे में मुझसे यही कहा था कि नौशाद साहब, यह गीत इसलिए इतना जबरदस्त बन पड़ा क्योंकि यह राग मालकौस पर आधारित है। यह कमाल सिर्फ और सिर्फ राग मालकौस का है। किसी गीत के बारे में रफी साहब की बयानी और नौशाद साहब द्वारा इस बात को बताना अपने आप में काफी कुछ बयां करता है।

इस गीत को आप पढ़ या बोल तो सकते हैं लेकिन गा नहीं सकते। भगवान कृष्ण पर आधारित इस गीत (जिसे आप भजन भी कह सकते हैं) को रचने वाले, गाने वाले और धुन बनाने वाले तीनों मुसलमान हैं। सांप्रदायिक सौहाद्र्र का इससे बड़ा उदाहरण और क्या हो सकता है। कुछ टुच्चे और टुटपूंजिया किस्म के लोग भले ही सांप्रदायिकता भड़काने में अपनी रोटियां सेकते हों लेकिन खामोशी से अपने काम को अंजाम देने वाले लोगों को इसकी कोई परवाह नहीं। दुनिया भले ही उन्हें आसमान पर बिठाए लेकिन वे कुछ नहीं चाहते। वे सबसे पहले एक इंसान होते हैं। उनका हर कदम (रचनाशीलता) इसी दिशा में होता है कि पूरी इंसानियत को उसके होने का मतलब और तह•ाीब समझा सकें।

भारत में आर्य, ग्रीक, सीथियन (शक), पह्लव (पार्थियन), कुषाण, हूण, अरब, तुर्क आए लेकिन समय के साथ भारत की मिट्टी में घुल-मिलकर भारतीय ही हो गए। ऊपर से देखने पर हमें भले ही कुछ विखंडता दिखाई देती हो लेकिन अंदर से वह सिवाय समन्वय, सामंजस्य, सदाशयता और सद्भाव के अलावा कुछ भी नहीं। यह मेरे देश की गंगा-जमुनी तह•ाीब है जो कभी खत्म नहीं हो सकती।..............................तथास्तु

Wednesday, July 21, 2010

देश का भविष्य बनाने वालों पर गाज

मैं शिक्षक परिवार से हूं। मेरे पिता शिक्षक थे, मां और छोटी बहन भी शिक्षक हैं। पापा बहुत अच्छे शिक्षकों में शुमार थे। वह जितना अच्छा पढ़ाने के लिए विख्यात थे उतना ही बच्चों की बखिया उधेडऩे के लिए भी। मैं भी कक्षा बारहवीं तक अनवरत उनसे पिटा। इस बात का मलाल है कि और ज्यादा क्यों नहीं पिटा। 1993 में उनका देहावसान हो गया। मेरी स्कूली शिक्षा जबलपुर के मॉडल स्कूल में हुई। पढऩे में ठीक-ठाक था लेकिन ऊधम ज्यादा होता था। सो पिटना वैसे भी लाजिमी था। वैसे भी मॉडल में चरित्र और व्यक्तित्व निर्माण पर ज्यादा जोर दिया जाता था। यानी स्कूल में बेतरह मार पड़ी। जब पिट जाता तो सभी सेक्शनों में यह खबर आग की तरह फैल जाती कि आज अतुल फिर बुरी तरह पिट गया। यह स्वीकार करने में मुझे कोई गुरेज नहीं कि जो भी हूं, उस मार की बदौलत हूं। उस समय स्कूलों में जाकर बच्चे के पापा कहते थे कि गलती करे तो खाल उधेड़ दीजिएगा। आपका बच्चा है और इसके भविष्य के बारे में आप कहीं बेहतर समझते हैं।

बच्चे भी यही कोशिश करते कि स्कूल में चाहे जो हो जाए, चमड़ी नोंच ली जाए लेकिन घर तक बात न पहुंचे। आज वही लोग न जाने कहां-कहां किन पदों पर आसीन हैं। ऐसे लोगों की एक लंबी फेहरिस्त है। लेकिन लगता है कि वक्त कुछ ज्यादा ही बदल चुका है। शिक्षा का व्यवसायीकरण हो चुका है। स्कूलों में बच्चों से मोटी फीस वसूली जाती है। जाहिर है कि अपने बच्चों का इतना किराया दे रहे मां-बाप यह नहीं चाहेंगे कि बच्चे के चेहरे पर शिकन तक आए। फिर वह कुछ बने या नहीं। अदालत ने तो यह भी निर्देश दिए हैं कि बच्चों को मारने पर शिक्षक को जेल की हवा तक खानी पड़ सकती है। इस लिहाज से तो यदि 20 साल पहले यह कानून आ गया होता तो कई शिक्षकों को आजीवन कारावास हो गया होता। यह जाने बिना कि बच्चों को क्यों मारा गया, माता-पिता शिक्षक की शिकायत लेकर सड़कों पर हंगामा खड़ा कर देते हैं।

दरअसल आज बच्चों के प्रति अभिभावकों का बेवजह का लाड़ कुछ ज्यादा ही बढ़ गया है। इसे दिखावा भी कहा जा सकता है। उनका लालन-पालन ही कुछ अंदाज में होता है कि हम तो उसे घर तक में कुछ नहीं बोलते। लेकिन जिस व्यक्ति पर बच्चों को संस्कारी और शिक्षित बनाने का भार हो वह बच्चों के भटकाव पर शांत नहीं रह सकता। कभी डांट, फटकार तो कभी हाथ भी उठ जाता है। लेकिन यह सब भविष्य की खातिर ही होता है। लेकिन यह बात न तो बच्चों की समझ में आती है और अभिभावकों को। उन्हें तो अपना लाल प्यारा है और उस पर कोई आंच नहीं आनी चाहिए। फिर करियर चौपट होता हो तो हो जाए। बच्चे भी कुछ कमजोर हो रहे हैं। खेल की मैदान की जगह कंप्यूटर टेबिल और बेपरवाह खानपान की जगह नुकसानदेह फास्ट फूड ने ली है। नतीजन बच्चे कमजोर हो रहे हैं और शिक्षक के छूने भर से पिघल जाते हैं।

ऐसा नहीं है कि शिक्षकों की ओर से कोई गलतियां होती ही न हो। लेकिन वह जानबूझकर नहीं की जातीं। बच्चों को पीटना कोई अच्छी परंपरा नहीं। लेकिन पीटना एक अपनापन भी होता है। शिक्षक के लिए उसका छात्र पुत्रवत ही होता है। और एक बाप अपने बच्चे को अनुशासनहीन और भटकते हुए नहीं देख सकता। अब फैसला लोगों को करना होगा कि वे अपने नौनिहालों को नाजों से पालते हुए सामान्य बने रहने देना चाहते हैं या आग में तपाकर सोना बनाना चाहते हैं। कबीर कहते हैं कि गुरु एक कुम्हार की तरह होता है जो घड़ा बनाते समय ऊपर से तो उस पर प्रहार करता है लेकिन अंदर से उसे सहेजे रहता है ताकि उसका आकार बिगडऩे न पाए।..................................तथास्तु

Monday, June 28, 2010

मैली होती गंगा-जमुना और गंगा-जमुनी तहजीब

प्राचीन काल में ईसवी पूर्व से लेकर ईसवी शताब्दियों तक भारत आने वाले विदेशी विद्वानों को भारत की नदियों ने आश्चयॆचकित और भावविभोर कर दिया था। भारत की नदियों से तुलना करते हुए यूरोपीय नदियों को उन्होंने नाले के समान बताया था। भले ही डेन्यूब यूरोप के सात देशों की राजधानियों को छूती हो लेकिन २५०० किमी को सफर तय करने वाली भारत की महान नदी गंगा की तुलना में वह कुछ भी नहीं। मामला केवल लंबाई का नहीं, आस्था का है। यही नहीं दुनिया की कई नदियों की तुलना गंगा से की जाती है, मसलन वोल्गा को रूस की गंगा कहा जाता है। पौराणिक और आध्यात्मिक महत्व होने के चलते गंगा हमारे लिए पूजनीय है। रोज करोड़ों लोग गंगा में डुबकी लगाकर खुद के परम भाग्यशाली होने का दावा करते हैं। लेकिन सच ये है कि भारत की महान नदी गंगा मैली चुकी है। उसे स्वच्छ और निर्मल रखने के किए जा रहे तमाम प्रयास आज भी नाकाफी साबित हो रहे हैं।
बात केवल गंगा की ही नहीं है। दिल्ली में यमुना तो किसी नाले की मानिंद दिखाई पड़ती है। विश्वास नहीं होता कि जिस यमुना तीरे भगवान श्रीकृष्ण ने बालसुलभ लीलाएं की थीं, उसे हमने हद दर्जे तक प्रदूषित कर दिया है। आखिर ऐसा क्या हुआ या हो रहा है कि गंगा की सफाई के लिए अभियान चलाना पड़ रहा है। कई करोड़ रुपये पानी की तरह बहाए जा चुके हैं। गंगा की सफाई के लिए यूएन ने पचास हजार करोड़ डॉलर देने की घोषणा की थी। यमुना की सफाई के लिए भारत सरकार द्वारा एक हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। नतीजा चाहे जो रहा हो, लेकिन नदी को साफ रखने के लिए पानी की तरह बहाया गया पैसा भी कम पड़ गया। नदी मैली की मैली रहीं। बताने की जरूरत नहीं कि पैसा किसके पास गया। यूएन द्वारा दी गई आर्थिक सहायता गंगा को किस हद तक साफ कर पाएगी, इस प्रश्न का जवाब दे पाना शायद किसी के बूते के बात नहीं।
हमारे देश में लोगों की आस्था के आगे सारी बातें नगण्य हैं। गंगा-यमुना (अन्य नदियों में भी) पूजन सामग्री, अस्थियां प्रवाहित करना पुण्य देता है, फिर भले ही गंगा मैली होती रहे। कई बार तो आप नदियों में शव बहते भी देख सकते हैं। लोगों का मानना है कि ऐसा करने से मृतात्माओं को सीधे स्वगॆ मिलता है। जिन अन्य धर्मों में व्यक्ति के अंतिम संस्कार के बाद उसकी अस्थियां किसी नदी में प्रवाहित नहीं की जाती, तो क्या उसे जन्नत नसीब नहीं होती। इतने बड़े देश में सरकार या सरकारी नुमाइंदा हर व्यक्ति को ऐसा करने से रोक नहीं सकता। हरिद्वार में महाकुंभ के दौरान लाखों लोगों ने डुबकी लगाई। यहां तक भी ठीक कहा जा सकता है। लेकिन गंगा तट पर जो गंदगी फैली, उसका जिम्मेदार कौन होगा? श्रद्धा-भक्ति के नाम पर यह सबकुछ और देश की मासूम और भोली-भाली जनता ही करती है। सिस्टम में भ्रष्टाचार है, यह बात को जगजाहिर है। सच यह है कि हम लोग ही उन्हें ऐसा करने देते हैं। न गंगा मैली की जाए और न ही माननीयों को गंगा सफाई के नाम पर पैसा खाने का मौका।
ऐसा क्यों है कि भारत जैसे नदियों के देश में केवल गंगा-जमुना को ही साफ करने की बात की जाती है। कृष्णा, कावेरी, तुंगभद्रा, महानदी, ब्रह्मपुत, झेलम, चिनाब, रावी, ब्यास, सतलुज के लिए किसी सफाई अभियान की जरूरत नहीं पड़ती। इन नदियों के किनारे भी वैसे ही उद्योग-धंधे फल-फूल रहे हैं जितने गंगा-यमुना के किनारे। लंदन की पहचान माने जाने वाली टेम्स नदी भी मैली हो गई थी, लेकिन सरकार और लोगों के प्रयासों से उसे पूर्णतः साफ कर लिया गया। इसलिए कहा जाता है, वे (यूरोपीय) वे हैं और हम (भारतीय) हम। संस्कृति के पुरोधा माने जाने वाले हमारे देश में गंगा-यमुना की स्थिति बदतर बनी हुई है। जब गंगा-जमुना ही साफ नहीं है तो गंगा-जमुनी तहजीब का क्या होगा? गंगा हमारी मां है और यदि वह कष्ट में है तो इतना तय है हम सुखी नहीं हो सकते। अब तय हमें करना है।....................................................तथास्तु

Sunday, June 27, 2010

ऑनर किलिंग से किसका बच रहा ऑनर

बीते दिनों दिल्ली और एनसीआर में ऑनर किलिंग के मामले छाए रहे। ऑनर किलिंग यानी सम्मान की खातिर की जाने वाली हत्या। आखिर ऐसा क्या होता है जिससे किसी का सम्मान चला जाता है और वह पलक झपकते किसी अपने की जान ले लेता है। उस समय न तो उसकी आंखों में दया होती है और न ही दहशत। हत्यारे के सामने होती है तो बस अपने परिवार की बेमतलब की इज्जत। आखिर एक-दूसरे को चाहने वाले दो लोग, जो शादी कर लेते हैं, उनके इस काम से किसी की इज्जत पर बट्टा कैसे लग सकता है? यह प्रश्न समझ से परे है। लेकिन इसी इज्जत की खातिर भाई अपनी बहन और जीजा को मौत के घाट उतार देता है। बड़ी बात तो यह कि परिवारवालों को भी अपने सपूत की इस करतूत पर नाज होता है। अपनी पसंद के लडक़े से शादी करने के कारण बेटी को वे कुलच्छिनी और बदचलन मानते हैं और उसका कत्ल करने में अपनी शान समझते हैं।

इसे विडंबना नहीं तो और क्या कहा जाएगा कि जिस देश में राधा-कृष्ण की प्रेम को मंदिरों में जगह दी गई हो, वहां लव-मैरिज करने पर मौत के घाट उतार दिया जाता है। उस देश में जहां लोग राधा-माधव के आख्यानों को सुनते हुए भावविभोर होकर आंसू बहाते हैं, वहीं लोगों को अपने बेटे-बेटियों का प्यार करना खलता है। यह बात एक बहुसंख्य जनसंख्या पर लागू होती है। आज भी हमारा समाज लव-मैरिज को पूरी तरह कुबूल नहीं पाया है। बिहार, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश के किसी इलाके में लव-मैरिज करने वाले लोगों की आंखों की किरकिरी बन जाते हैं। दिल्ली और उसके आसपास रहने वाले जाट और गुर्जरों को लव मैरिज बिल्कुल गवारा नहीं। अचानक से बदले परिवेश में इन लोगों के पास पैसा आया लेकिन सोच नहीं बदली। नतीजन बेमुरव्वत प्यार कर बैठी बेटी और उसके पति की हत्या कर दी जाती है, वह भी परिवार की झूठी शान और इज्जत की खातिर।

21वीं सदी में पहुंचने और आधुनिक होने का दंभ भरने वाला हमारा समाज सही मायनों में आज तक आधुनिक नहीं हो पाया है। जिस समाज ने पुरुष को कुछ भी ऊल-जुलूल करने की छूट दी है, वही समाज किसी महिला को अपनी जिंदगी का निर्णय लेने से रोकता है। फिर उस लडक़ी का फैसला दुनिया का सबसे सही फैसला ही क्यों न हो। आखिर वह एक लडक़ी है और उसे वही करना होगा जो उसका परिवार या समाज के ठेकेदार चाहते हैं। यदि वह ऐसा नहीं करेगी तो उसे जान देनी होगी। क्योंकि उसके जिंदा रहने से परिवार, समाज और देश की इज्जत पर बट्टा लग सकता है। दरअसल दिल्ली के आसपास रहने वाले जाट और गुर्जरों की जमीनें बिकने से उनके पास अचानक से इफरात पैसा आया। घर में साख-सुविधाएं तो बढ़ीं, लेकिन मानसिक स्तर वैसा का वैसा ही रहा। किसी के जरा से भी ऊंची आवाज में बात करने पर व्यक्ति की जान ले लेना या बहन के प्यार का पता लगने पर प्रेमी समेत उसकी जान ले लेना उनकी फितरत रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा में भी अमूमन यही स्थिति है।

अन्य मामलों की तरह ऑनर किलिंग के मसले पर पुलिस-कानून कुछ भी करने में असमर्थ है। किसी की जान चली जाती है, हत्यारे पकड़ में आ जाते हैं लेकिन अपने इस घिनौने कृत्य के लिए उन्हें अपने परिवार और समाज का पूरा समर्थन मिलता रहता है। हमारे देश में न्याय एक अनवरत चलने वाली प्रक्रिया है जिसमें रसूखदार व्यक्ति कुछ भी कराने की सामथ्र्य रखता है। लोगों की जान चली गई और हत्यारों पर मुकदमा महज खानापूर्ति बनकर रह जाता है। सही मायनों में आधुनिकता की ओर कब बढ़ेेेंगे हमारे कदम। आखिर हम यह कब कुबूलेेंगे कि हमारे बच्चे ने जो भी किया बेहतर किया।