भारत की राजधानी नई दिल्ली में कॉमनवेल्थ गेम्स होने को चंद रोज ही बाकी हैं लेकिन तैयारियां हैं कि खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहीं। काम खत्म होने की पांचवी डेडलाइन 31 अगस्त को खत्म होने वाली थी लेकिन फिर वही ढाक के तीन पात। सरकार ने बेशर्मी की हद पार करते हुए पांचवी डेडलाइन के पार जाकर काम जारी रखने की मजबूरी जाहिर कर दी। अब जब काम पूरा ही नहीं हुआ था तो किसी तरह उसकी लीपापोती तो करनी ही है। पूरी दिल्ली खुदी पड़ी है। कहीं सड़कें चौड़ी हो रही हैं तो कहीं फ्लाईओवर बन रहा है। खिलाडिय़ों के रहने के लिए बनने वाला खेल गांव अब भी आधा-अधूरा सा ही लगता है। खेलों की तैयारियों में करोड़ों रुपये स्वाहा हो चुके हैं लेकिन कहीं छत चू रही है तो दीवारों पर छपाई होना बाकी है। जब काम खत्म हो चुका होना था, तब शिद्दत से चल रहा है। देखकर तो ऐसा लगता है कि खेल हो जाएंगे और काम चलता रहेगा।
नेताओं ने सरकारी पैसे को घर में भर लिया और खेलों को भगवान भरोसे होने के छोड़ दिया। सत्ताधारी पार्टी के एक नामचीन नेता (मणिशंकर अय्यर) समेत कई लोग खेलों के आयोजन को जी भर कर कोस रहे हैं लेकिन किसी को कोई परवाह नहीं। दिल्ली बारिश न होने के लिए विख्यात है। चाहे आषाढ़ हो या फिर सावन-भादों, लोग टकटकी लगाए आसमान देखते रहते हैं और एक बूंद भी नहीं टपकती। हर साल यही होता है। लेकिन इस साल अभूतपूर्व हुआ। दिल्ली में ऐसी बारिश, न पहली कभी देखी, न कभी सुनी। एक तो सड़क पर मलबा और दूजी बेहिसाब बारिश। माननीयों ने कुछ ऐसा ही सोचा होगा कि काम यूं ही कर दिया जाएगा। फिर दिल्ली में बारिश तो होती नहीं है। अंत तक काम चलता रहेगा और हर मद से पैसे की आमद बनी रहेगी। लेकिन कहते हैं कि पाप का घड़ा भरने पर न्याय अपने आप ही हो जाता है। गेम्स में पैसे की लूट को लेकर इस कदर लूट-मार मची कि देश के आम आदमी तक ने छाती पीट ली। लेकिन वो बेचारा कर क्या सकता था। संसद में चीखा-चिल्लाई हुई लेकिन सब बेकार। दोनों तरफ के लोग हैं तो एक ही बिरादरी के। अब उनकी मटियामेट कौन करेगा।
जैसे नन्हें कृष्ण ने उस समय भ्रष्ट इंद्र के प्रकोप से अपने लोगों को बचाने के लिए गोवर्धन उठाया था, उसी तरह आज धरती पर मौजूद कई भ्रष्ट इंद्रों की कारगुजारी करने के लिए अपनी जरा सी ताकत दिखाई। उफनती यमुना में दिल्ली डूब-उतरा रही है। लेकिन शायद ही कोई यह जान पाए कि यह प्रकोप क्यों बरस रहा है?
हो चुकी है पीर, पर्वत सी पिघलनी चाहिए।
इस हिमालय से कोई गंगा निकलनी चाहिए।
सिर्फ हंगामा खड़ा करना मेरा मकसद नहीं।
मेरी कोशिश है कि ये सूरत भी बदलनी चाहिए।
मेरे सीने में नहीं तो तेरे सीने में सही।
हो कहीं भी आग, पर अब आग जलनी चाहिए।
हे दिल्लीवालो, कभी तो समझो, कभी तो चेतो, कभी तो उठ खड़े हो जाओ।..................तथास्तु
Monday, August 30, 2010
Subscribe to:
Post Comments (Atom)

No comments:
Post a Comment