मैं शिक्षक परिवार से हूं। मेरे पिता शिक्षक थे, मां और छोटी बहन भी शिक्षक हैं। पापा बहुत अच्छे शिक्षकों में शुमार थे। वह जितना अच्छा पढ़ाने के लिए विख्यात थे उतना ही बच्चों की बखिया उधेडऩे के लिए भी। मैं भी कक्षा बारहवीं तक अनवरत उनसे पिटा। इस बात का मलाल है कि और ज्यादा क्यों नहीं पिटा। 1993 में उनका देहावसान हो गया। मेरी स्कूली शिक्षा जबलपुर के मॉडल स्कूल में हुई। पढऩे में ठीक-ठाक था लेकिन ऊधम ज्यादा होता था। सो पिटना वैसे भी लाजिमी था। वैसे भी मॉडल में चरित्र और व्यक्तित्व निर्माण पर ज्यादा जोर दिया जाता था। यानी स्कूल में बेतरह मार पड़ी। जब पिट जाता तो सभी सेक्शनों में यह खबर आग की तरह फैल जाती कि आज अतुल फिर बुरी तरह पिट गया। यह स्वीकार करने में मुझे कोई गुरेज नहीं कि जो भी हूं, उस मार की बदौलत हूं। उस समय स्कूलों में जाकर बच्चे के पापा कहते थे कि गलती करे तो खाल उधेड़ दीजिएगा। आपका बच्चा है और इसके भविष्य के बारे में आप कहीं बेहतर समझते हैं।
बच्चे भी यही कोशिश करते कि स्कूल में चाहे जो हो जाए, चमड़ी नोंच ली जाए लेकिन घर तक बात न पहुंचे। आज वही लोग न जाने कहां-कहां किन पदों पर आसीन हैं। ऐसे लोगों की एक लंबी फेहरिस्त है। लेकिन लगता है कि वक्त कुछ ज्यादा ही बदल चुका है। शिक्षा का व्यवसायीकरण हो चुका है। स्कूलों में बच्चों से मोटी फीस वसूली जाती है। जाहिर है कि अपने बच्चों का इतना किराया दे रहे मां-बाप यह नहीं चाहेंगे कि बच्चे के चेहरे पर शिकन तक आए। फिर वह कुछ बने या नहीं। अदालत ने तो यह भी निर्देश दिए हैं कि बच्चों को मारने पर शिक्षक को जेल की हवा तक खानी पड़ सकती है। इस लिहाज से तो यदि 20 साल पहले यह कानून आ गया होता तो कई शिक्षकों को आजीवन कारावास हो गया होता। यह जाने बिना कि बच्चों को क्यों मारा गया, माता-पिता शिक्षक की शिकायत लेकर सड़कों पर हंगामा खड़ा कर देते हैं।
दरअसल आज बच्चों के प्रति अभिभावकों का बेवजह का लाड़ कुछ ज्यादा ही बढ़ गया है। इसे दिखावा भी कहा जा सकता है। उनका लालन-पालन ही कुछ अंदाज में होता है कि हम तो उसे घर तक में कुछ नहीं बोलते। लेकिन जिस व्यक्ति पर बच्चों को संस्कारी और शिक्षित बनाने का भार हो वह बच्चों के भटकाव पर शांत नहीं रह सकता। कभी डांट, फटकार तो कभी हाथ भी उठ जाता है। लेकिन यह सब भविष्य की खातिर ही होता है। लेकिन यह बात न तो बच्चों की समझ में आती है और अभिभावकों को। उन्हें तो अपना लाल प्यारा है और उस पर कोई आंच नहीं आनी चाहिए। फिर करियर चौपट होता हो तो हो जाए। बच्चे भी कुछ कमजोर हो रहे हैं। खेल की मैदान की जगह कंप्यूटर टेबिल और बेपरवाह खानपान की जगह नुकसानदेह फास्ट फूड ने ली है। नतीजन बच्चे कमजोर हो रहे हैं और शिक्षक के छूने भर से पिघल जाते हैं।
ऐसा नहीं है कि शिक्षकों की ओर से कोई गलतियां होती ही न हो। लेकिन वह जानबूझकर नहीं की जातीं। बच्चों को पीटना कोई अच्छी परंपरा नहीं। लेकिन पीटना एक अपनापन भी होता है। शिक्षक के लिए उसका छात्र पुत्रवत ही होता है। और एक बाप अपने बच्चे को अनुशासनहीन और भटकते हुए नहीं देख सकता। अब फैसला लोगों को करना होगा कि वे अपने नौनिहालों को नाजों से पालते हुए सामान्य बने रहने देना चाहते हैं या आग में तपाकर सोना बनाना चाहते हैं। कबीर कहते हैं कि गुरु एक कुम्हार की तरह होता है जो घड़ा बनाते समय ऊपर से तो उस पर प्रहार करता है लेकिन अंदर से उसे सहेजे रहता है ताकि उसका आकार बिगडऩे न पाए।..................................तथास्तु
Wednesday, July 21, 2010
Subscribe to:
Post Comments (Atom)

No comments:
Post a Comment