२-३ दिसंबर, १९८४, भोपाल। भोपाल स्थित अमेरिकी कंपनी यूनियन कार्बाइड के कारखाने से जहरीली मिथाइल आइसोसाइनेट यानी एमआईसी गैस का रिसाव। पलक झपकते तीन हजार लोग मारे गए। कुल मरने वालों की संख्या २५ हजार से ज्यादा। ३ दिसंबर को एफआईआर दर्ज की गई। इसके कुछ दिन बाद मामला सीबीआई को सौंप दिया गया। सीबीआई ने १९८७ में चार्जशीट दायर की। २३ साल लंबी कानूनी कार्यवाही के बाद भोपाल की विशेष अदालत का ७ जून, २०१० को फैसला आया। २५ हजार लोगों की मौत के लिए जिन आठ लोगों को दोषी करार दिया गया उन्हें महज दो साल की सजा सुनाई गई। फैसला सुनाने के कुछ देर बाद ही इन आठों लोगों को जमानत भी मिल गई। न्याय का इससे भयानक मजाक शायद ही कोई हो सकता है। घटना का मुख्य दोषी वारेन एंडरसन, जो भगोड़ा है, मजे से न्यूयार्क में रह रहा है। दुनिया की इस सबसे बड़ी औद्योगिक दुर्घटना में मारे गए लोगों के लिए किसी की आंखों में दर्द नहीं। कोई नहीं कराह रहा सिवाय उनके जिन्होंने यह हादसा झेला है।
देश के लॉ मिनिस्टर वीरप्पा मोइली ने भी इस फैसले को महज एक खानापूर्ति करार दिया। लेकिन सवाल यह उठता है कि यह सब हुआ कैसे? आखिर गरीब जनता कहां सिर छुपाएगी? यदि इस हादसे में कोई बड़ा नेता, मिनिस्टर मारा गया होता तो क्या स्थिति यही होती? शायद नहीं। जो मारे गए वो गरीब थे। उनके आगे-पीछे कोई नहीं था। इसलिए हीला-हवाली हुई तो कुछ नया नहीं हुआ। क्योंकि यही तो होना ही था। न तो लोगों को पूरा मुआवजा मिला है और न ही राहत। लोगों को न्याय मिला, उसकी तो उन्होंने सपने में भी कल्पना नहीं की थी। उनके अपने न्यायालय ने उनकी नहीं सुनी। कहा जाता है कि न्याय में देरी न्याय न मिलने जैसे है। दुर्भाग्य तो यह रहा कि इस मामले में देर भी हुई और न्याय भी नहीं मिला। उधर अमेरिका ने कहा है कि फैसले से भारत-अमेरिका के रिश्तों पर तो कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा लेकिन वह एंडरसन के खिलाफ कोई नई कार्रवाई नहीं करेगा। यानी भारत फिर खाली हाथ। जुलूस-प्रदर्शन हो-होकर थम जाएंगे और गरीब रोते रहेंगे। उनकी सुनने वाला कोई नहीं रहेगा और धीरे-धीरे सारा शोरगुल खत्म हो जाएगा।
तथास्तु...................................
Tuesday, June 8, 2010
Subscribe to:
Post Comments (Atom)

No comments:
Post a Comment