बीते दिनों दिल्ली और एनसीआर में ऑनर किलिंग के मामले छाए रहे। ऑनर किलिंग यानी सम्मान की खातिर की जाने वाली हत्या। आखिर ऐसा क्या होता है जिससे किसी का सम्मान चला जाता है और वह पलक झपकते किसी अपने की जान ले लेता है। उस समय न तो उसकी आंखों में दया होती है और न ही दहशत। हत्यारे के सामने होती है तो बस अपने परिवार की बेमतलब की इज्जत। आखिर एक-दूसरे को चाहने वाले दो लोग, जो शादी कर लेते हैं, उनके इस काम से किसी की इज्जत पर बट्टा कैसे लग सकता है? यह प्रश्न समझ से परे है। लेकिन इसी इज्जत की खातिर भाई अपनी बहन और जीजा को मौत के घाट उतार देता है। बड़ी बात तो यह कि परिवारवालों को भी अपने सपूत की इस करतूत पर नाज होता है। अपनी पसंद के लडक़े से शादी करने के कारण बेटी को वे कुलच्छिनी और बदचलन मानते हैं और उसका कत्ल करने में अपनी शान समझते हैं।
इसे विडंबना नहीं तो और क्या कहा जाएगा कि जिस देश में राधा-कृष्ण की प्रेम को मंदिरों में जगह दी गई हो, वहां लव-मैरिज करने पर मौत के घाट उतार दिया जाता है। उस देश में जहां लोग राधा-माधव के आख्यानों को सुनते हुए भावविभोर होकर आंसू बहाते हैं, वहीं लोगों को अपने बेटे-बेटियों का प्यार करना खलता है। यह बात एक बहुसंख्य जनसंख्या पर लागू होती है। आज भी हमारा समाज लव-मैरिज को पूरी तरह कुबूल नहीं पाया है। बिहार, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश के किसी इलाके में लव-मैरिज करने वाले लोगों की आंखों की किरकिरी बन जाते हैं। दिल्ली और उसके आसपास रहने वाले जाट और गुर्जरों को लव मैरिज बिल्कुल गवारा नहीं। अचानक से बदले परिवेश में इन लोगों के पास पैसा आया लेकिन सोच नहीं बदली। नतीजन बेमुरव्वत प्यार कर बैठी बेटी और उसके पति की हत्या कर दी जाती है, वह भी परिवार की झूठी शान और इज्जत की खातिर।
21वीं सदी में पहुंचने और आधुनिक होने का दंभ भरने वाला हमारा समाज सही मायनों में आज तक आधुनिक नहीं हो पाया है। जिस समाज ने पुरुष को कुछ भी ऊल-जुलूल करने की छूट दी है, वही समाज किसी महिला को अपनी जिंदगी का निर्णय लेने से रोकता है। फिर उस लडक़ी का फैसला दुनिया का सबसे सही फैसला ही क्यों न हो। आखिर वह एक लडक़ी है और उसे वही करना होगा जो उसका परिवार या समाज के ठेकेदार चाहते हैं। यदि वह ऐसा नहीं करेगी तो उसे जान देनी होगी। क्योंकि उसके जिंदा रहने से परिवार, समाज और देश की इज्जत पर बट्टा लग सकता है। दरअसल दिल्ली के आसपास रहने वाले जाट और गुर्जरों की जमीनें बिकने से उनके पास अचानक से इफरात पैसा आया। घर में साख-सुविधाएं तो बढ़ीं, लेकिन मानसिक स्तर वैसा का वैसा ही रहा। किसी के जरा से भी ऊंची आवाज में बात करने पर व्यक्ति की जान ले लेना या बहन के प्यार का पता लगने पर प्रेमी समेत उसकी जान ले लेना उनकी फितरत रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा में भी अमूमन यही स्थिति है।
अन्य मामलों की तरह ऑनर किलिंग के मसले पर पुलिस-कानून कुछ भी करने में असमर्थ है। किसी की जान चली जाती है, हत्यारे पकड़ में आ जाते हैं लेकिन अपने इस घिनौने कृत्य के लिए उन्हें अपने परिवार और समाज का पूरा समर्थन मिलता रहता है। हमारे देश में न्याय एक अनवरत चलने वाली प्रक्रिया है जिसमें रसूखदार व्यक्ति कुछ भी कराने की सामथ्र्य रखता है। लोगों की जान चली गई और हत्यारों पर मुकदमा महज खानापूर्ति बनकर रह जाता है। सही मायनों में आधुनिकता की ओर कब बढ़ेेेंगे हमारे कदम। आखिर हम यह कब कुबूलेेंगे कि हमारे बच्चे ने जो भी किया बेहतर किया।
Sunday, June 27, 2010
Subscribe to:
Post Comments (Atom)

No comments:
Post a Comment